पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई हत्या की पुष्टि, आरोपी पुत्र भेजा गया जेल
बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र के बरियापुर गांव में 11 अगस्त की रात 65 वर्षीय देशराज चौबे की उसके बेटे सुरेंद्र चौबे ने मुंह दबाकर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद भी परिवार मुकदमा दर्ज कराने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार रात खुद वादी बनकर हत्या का मुकदमा दर्ज किया। बुधवार को आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त की रात परिवारीजन देशराज को बेहोशी की हालत में सीएचसी रामनगर लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नाक से खून निकलने और शरीर पर चोट के निशान मिलने पर डॉक्टरों ने मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दो दिन बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुंह दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। शरीर पर करीब 10 चोटों के निशान भी मिले। पुलिस के अनुसार, पहले देशराज के साथ मारपीट की गई और बाद में मुंह दबाकर उनकी जान ले ली गई।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि देशराज नशे का आदी था। इसी बात को लेकर अक्सर पिता-पुत्र में विवाद होता था। घटना की रात विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र ने पिता का मुंह दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोपी से करीब छह घंटे पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया।