-
हैदरगढ़ में सपा के पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में 2027 के चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान
बाराबंकी। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि पीडीए की ताकत के दम पर पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में बाराबंकी की सभी छह सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। इसके लिए कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प के साथ बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें।
वह शनिवार को हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के दतौली चौराहा स्थित मंडपम मैरिज लॉन में पूर्व विधायक राममगन रावत की ओर से आयोजित पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। विधानसभा अध्यक्ष परशुराम यादव की अध्यक्षता और जिला सचिव रमेश चौधरी के संचालन में आयोजित सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव पार्टी को समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं। कार्यकर्ताओं को इस संकल्प को पूरा करने के लिए गांव-गांव और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और संदेश को पहुंचाना होगा।
श्यामलाल पाल ने प्रदेश सरकार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ, सेक्टर और जोन स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही आरोप लगाया कि प्रदेश में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्तियां तोड़ी जा रही हैं, विद्यालय बंद किए जा रहे हैं और किसानों व युवाओं को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
सम्मेलन को पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं राष्ट्रीय सचिव अरविंद कुमार सिंह गोप, पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा, जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद, विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव, विधायक गौरव रावत, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, पूर्व विधान परिषद सदस्य अरविंद यादव और राजेश यादव राजू सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। सभी ने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।




