बाराबंकी। प्राथमिक विद्यालय तिलोकपुर-2, रामनगर में ”बाल वाटिका संवारेगी भविष्य – चहक” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि राजू मिश्रा तथा खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके पश्चात बाल वाटिका एवं कक्षा एक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक प्रार्थना प्रस्तुत की। “मेरा चूनर मांगा दे हो” हरियाणवी लोकनृत्य की समूह प्रस्तुति ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया और खूब सराहना बटोरी। विद्यालय की सहायक अध्यापिका श्रीमती तोषी जैमिनी ने कार्यक्रम का सुंदर संचालन करते हुए विद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा अंग्रेजी शिक्षण की नवाचार गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर देवेंद्र सिंह एवं उमानाथ मिश्रा जी ने उपस्थित अभिभावकों को बाल वाटिका की आगामी योजनाओं से अवगत कराया। खंड शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और शिक्षकों को योजनाबद्ध शिक्षण कार्य के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्री मिश्रा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए एक सुंदर कविता पाठ किया। उन्होंने विद्यालय की अध्यापिकाओं शिल्पी सोनी, ज्योति वर्मा, अनुराधा यादव एवं तोषी जैमिनी के उत्कृष्ट टीम कार्य की सराहना की।
इस कार्यक्रम की सफलता में शिक्षिकाओं शालिनी, सुमन, ममता यादव एवं अयोध्या प्रसाद सहित ग्रामवासियों का भी अमूल्य योगदान रहा। यह आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।