Saturday, June 6, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSयूट्यूब देखकर नशे में पथरी का ऑपरेशन करने का आरोप, काट दीं...

यूट्यूब देखकर नशे में पथरी का ऑपरेशन करने का आरोप, काट दीं आंतें, महिला की मौत, झोलाछाप पर मुकदमा

बाराबंकी।  यूट्यूब पर देखकर खाना बनाना और घरेलू नुस्खे अपनाना तो आम बात है, लेकिन वीडियो देखकर ऑपरेशन कर देने का मामला कोठी क्षेत्र में सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ कि एक झोलाछाप ने पथरी निकालने के नाम पर महिला का ऑपरेशन किया, लेकिन पथरी तो नहीं निकली उल्टा उसने नशे में आमाशय, छोटी आंत और खाने की नली तक काट डाली। दर्द से कराहती महिला ने आखिरकार दम तोड़ दिया। मंगलवार को पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने अवैध अस्पताल पर नोटिस चस्पा कर दिया है।

कोठी के डफरापुर मजरा सैदनपुर निवासी फतेह बहादुर ने बताया कि पांच दिसंबर की दोपहर पत्नी के पेट में तेज दर्द उठा तो वे उन्हें कोठी बाजार स्थित श्री दामोदर औषधालय अस्पताल ले गए। अस्पताल का संचालन ज्ञान प्रकाश मिश्रा और विवेक मिश्रा, निवासी कोठी, करते हैं।

पीड़ित के अनुसार, ज्ञान प्रकाश ने पथरी बताकर ऑपरेशन का करीब 25 हजार रुपये खर्च बताया और 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। आरोप है कि पैसे लेने के बाद ज्ञान प्रकाश ने शराब के नशे में यूट्यूब पर वीडियो देखकर उसकी पत्नी मुनिशरा रावत का ऑपरेशन शुरू कर दिया। इस दौरान उसने घोर लापरवाही करते हुए कई नसें काट डालीं और पेट में गहरे चीरे लगा दिए।

अगले दिन शाम को दर्द से तड़पती मुनिशरा ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। महिला की मौत होते ही अस्पताल संचालक ज्ञान प्रकाश और उसका परिवार महिला को उसी हालत में छोड़कर फरार हो गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। नौ दिसंबर को कोठी थाने पहुंचे पीड़ित पति ने दोनों संचालकों ज्ञान प्रकाश मिश्रा और विवेक मिश्रा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया।

पीड़ित ने अस्पताल को पूरी तरह फर्जी बताया और कहा कि आरोपितों के पास किसी प्रकार की मेडिकल डिग्री तक नहीं है। मंगलवार को एसीएमओ डॉ. एल.बी. गुप्ता और सीएचसी सिद्धौर के प्रभारी डॉ. संजय पांडेय अवैध अस्पताल पहुंचे व नोटिस चस्पा कर संचालक से एक सप्ताह में जवाब देने को कहा है।

कोठी थानाध्यक्ष अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि मृतका के पति और सीएचसी डॉक्टर द्वारा दी गई तहरीर को एक ही मुकदमे में सम्मिलित किया जा रहा है। आरोपितों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments