महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज बरेठी में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस
बाराबंकी। बरेठी स्थित महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में देश के द्वितीय राष्ट्रपति, महान दार्शनिक एवं शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन शिक्षक दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक योगेंद्र बहादुर सिंह विसेन ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक वकील की गलती फाइलों में छिप जाती है, इंजीनियर की गलती ईंट की दीवारों के पीछे छिप जाती है और चिकित्सक की गलती कब्रिस्तान में दफन हो जाती है, लेकिन यदि शिक्षक से कोई गलती होती है तो उसका प्रभाव सामाजिक एवं राष्ट्रीय जीवन में दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक का जीवन किसी तपस्वी के जीवन से कम नहीं होता। इसलिए प्रत्येक शिक्षक का दायित्व है कि वह अपने विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य और अनुशासन विकसित करने के साथ ही उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दे।
इस मौके पर विद्यालय के शिक्षकों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में प्रेम कुमार यादव, बलराम सिंह, हिमांशु चतुर्वेदी, राहुल देव वर्मा, मनीष यादव, सुरेंद्र वर्मा, मान सिंह, आराधना यादव, शिवानी वर्मा, अंशु यादव, शिल्पी यादव, वंदना यादव, रोशनी सिंह और दीपाली सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।