-
कूदने से पहले जीजा को व्हाट्सअप पर भेजा था सुसाइड नोट
-
पति की बीमारी से मौत के बाद इसी साल मई देवर से हुई थी शादी
बाराबंकी। ससुरालीजनों की प्रताड़ना से आहत एक महिला अपने दो मासूम पुत्रों के साथ बीती रात गोमती नदी में कूद गई। नदी में कूदने से महिला ने एक सुसाइड नोट लिखकर अपने जीजा को व्हाटसप किया था। देर रात घटनास्थल से लगभग 10 किमी दूर महिला के छोटे बेटे का शव मिला लेकिन अभी तक मां और उसके बड़े बेटे का पता नहीं चल सका।
कोठी थाना के पूरे सधईभगत मजरे भिखनापुर निवासी 28 वर्षीय मिथिलेश कुमारी पत्नी मनोज कुमार ने 13 अगस्त की रात अपने दोनों बेटे सात वर्षीय अभय यादव व चार वर्षीय अंश यादव के साथ बुधवार देर शाम मायके जाने की बात कह कर घर से निकली थी। औसानेश्वर मंदिर के पास स्थित गोमती नदी के पुल पर पहुंची जहां उसने जेवरात आदि निकाल कर रखा और दोनों पुत्रों को लेकर नदी में कूद गई। इससे पहले महिला ने एक सुसाइड नोट भी अपने जीजा को भेजा था। उधर बहनोई ने सुसाइड नोट देखकर जब परिवारजन को सूचित किया तो वहां तीनों की तलाश होने लगी। मामला पुलिस तक पहुंचा तो स्थानीय गोताखोरों से तलाश शुरू कराई गई। गुरुवार सुबह पहले छोटे पुत्र अंश यादव का शव घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर असंद्रा में नैपुराघाट पुल के पास मिला जबकि कुछ देर बाद बाजपुरा घाट के समीप महिला और उसके दूसरे बेटे का शव भी बरामद हो गया। कोठी थाना के बिबियापुर निवासी मृतका के भाई प्रेम चंद्र ने बताया कि पारिवारिक कलह में बहन ने जान दी है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय ने बताया कि अभी सुसाइड नोट की मूल प्रति प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस इससे जुड़े हर पहलू पर जांच कर रही है। दोनों शव मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।




