मृतक का पिता निंदूरा ब्लॉक में है चतुर्थ श्रेणी कर्मी
मानसिक मंदित और नशे का आदी बताया जा रहा युवक
बाराबंकी। निंदूरा ब्लॉक परिसर में सोमवार की देर रात एक युवक की संदिग्ध अवस्था में जलने से मौत हो गई। घटना के बाद ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक ब्लॉक में कार्यरत एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का पुत्र है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर भक्तन निवासी विनोद कुमार श्रीवास्तव निंदूरा विकास खंड कार्यालय में वर्षो से चतुर्थश्रेणी पद पर कार्यरत है। विनोद निंदूरा ब्लॉक परिसर के भवन में ही अपने परिवार के साथ रहता था। साथ ही में विनोद का दामाद परमेश व पुत्री वर्षा भी रहती है। 11 अगस्त की रात विनोद के 35 वर्षीय पुत्र प्रशांत कुमार श्रीवास्तव को ब्लॉक परिसर के भवन में संदिग्ध परिस्थतियों में आग लग गई। बताया जाता है कि आग लगने के बाद प्रशांत चिल्लाते हुए घर से बाहर निकला और एक पेड़ के पास गिर गया। देर रात हुई घटना से ब्लॉक परिसर के नागरिकों में हड़कंप मच गया। चीख पुकार सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने किसी तरह आग को बुझाया, तब तक युवक मरणासन्न हो चुका था। आनन-फानन में परिजन उसे सीएचसी घुंघटेर लेकर पहुंचे। गंभीर अवस्था में चिकित्सकों ने युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उपचार दौरान लगभग रात 11 बजे युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त और नशे का आदी था। घटना वाले दिन भी युवक ने काफी शराब पी रखी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया गया।