भाजपा से जुड़े टेंट व्यवसायी सहित चार पर जानलेवा हमला एवं लूट का आरोप
एससी एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
बाराबंकी। पूर्व भाजपा विधायक स्वर्गीय रामनरेश रावत के पुत्र पर धारदार हथियार से हमला कर मोबाइल व चेन लूटने के आरोप में चार लोग नामजद हैं। पीड़ित ने नगर के टेंट व्यवसायी पुलकित द्विवेदी सहित चार लोगों पर तहरीर देकर आरोप लगाया था। आरोपियों के खिलाफ लूट एवं एससी एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली नगर पुलिस आरोपियों के तलाश में लगी है।
कोतवाली नगर के विकास भवन शांतिपुरम निवासी अरूण प्रताप सिंह पुत्र स्वर्गीय राम नरेश रावत ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें बताया कि 09 अगस्त को 06 बजे वह अपने घर पर बैठा था। तभी नगर क्षेत्र के निवासी टेंट व्यवसायी पुलकित द्विवेदी ने उसे चौहान गेस्ट हाउस में किसी काम के बावत बात करने के लिए बुलाया। टेंट व्यवसायी का भाजपा से जुड़ाव होना और काफी प्रभावशाली बताया जाता हैं। अरूण के अनुसार रात 10 बजे उनके चौहान गेस्ट हाउस पर पहुंचते ही कहासुनी होने पर वहां से चला आया। अरूण ने बताया कि वह 11 बजे अपने घर वापस आ रहा था इसी बीच विकास भवन के पास तीन गाड़ी एवं अन्य ब्लैक स्कार्पियों से टेंट व्यवसायी के साथ अमन चौहान, अंकुश चौहान, अमन वर्मा एवं अन्य लोग आ गए। आरोप है कि जैसे ही अरूण ने अपनी गाड़ी का गेट खोला तो आरोपियों ने उसे जाति मां बहन के साथ जाति सूचक गालियां देना शुरू कर दिया। पीड़ित के अनुसार गालियां का विरोध करने पर आग बबूला हुए विपक्षियों ने कार से तमंचा निकाल कर उसके बट से सर पर वार कर दिया। जिसका मित्र दिवाकर सिंह एवं सर्वेश कुमार ने विरोध किया तो उस पर भी धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में सर फटने से सर्वेश बेहोश हो गया तो दिवाकर को भी लातघूसों से मारपीट कर चेन छीन लिया। आरोप है कि जिसके बाद आरोपियों ने अरूण प्रताप सिंह को लोहे की राड से मारापीटा और उसकी चेन व मोबाइल छीन लिया। इतना ही नही जान से मारने की नियत से आरोपियों ने पीड़ित को बांका लेकर दौड़ाया। पीड़ित किसी तरह शोर मचाते हुए जान बचा कर वहां से भागा तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए तब जाकर जान बच सकी।
कोतवाली नगर में टेंट व्यवासायी सहित उसके अन्य साथियों को लूटपाट के साथ एससी एसटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में नामजद किया गया है।
कोतवाली नगर प्रभारी आरके राना ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है।