बाराबंकी। देवा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने एक युवक पर छेड़छाड़, अश्लील वीडियो बनाकर धमकी देने और शादी का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उसकी शादी तुड़वाने के इरादे से कथित फर्जी कोर्ट मैरिज के दस्तावेज और वीडियो उसके होने वाले पति के व्हाट्सएप पर भेज दिए।
पीड़िता ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि एक गांव निवासी अरविंद कुमार काफी समय से उसे मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेज रहा था और शादी के लिए दबाव बना रहा था। इंकार करने पर जान से मारने की धमकी देता था। युवती की शादी तय हो चुकी है।
आरोप है कि दो मई को अरविंद ने रास्ते में रोककर उसके साथ अभद्रता की, कपड़े फाड़े और असलहा लहराते हुए वीडियो बनाया। शादी न करने पर हत्या की धमकी दी। लोकलाज और शादी टूटने के डर से उसने उस समय किसी को जानकारी नहीं दी।
पीड़िता के मुताबिक 27 मई को आरोपी अरविंद अपने पिता जगदीश, भाई रोहित, राहुल, चाचा रामगोपाल, राकेश और मुकेश के साथ उसके घर पहुंचा, जहां चाचा और छोटे भाई के साथ मारपीट की गई। इस दौरान हवाई फायरिंग का भी आरोप लगाया गया है।
एसपी के आदेश पर देवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल यशकांत सिंह ने बताया कि फायरिंग की घटना नहीं हुई है, जबकि पीड़िता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।