-
कैंचीधाम उत्तराखंड दर्शन के लिए जा रहे थे कार सवार
-
सोमवार की रात दो बजे हुआ हादसा, मरने वालों में एक व्यवसायी भी
-
घायलों को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया
बाराबंकी। कैंचीधाम उत्तराखंड कार से दर्शन करने जा रहे वाराणसी के एक व्यवसायी सहित चार दोस्तों की सोमवार की रात दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। हादसा बाराबंकी सीमा के लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर रात लगभग दो बजे हुआ। बताया जा रहा है तेज रफ्तार इनोवा कार पीछे से एक ट्रक से टकरा गई। जिससे मौके पर चारों की मौत हो गई, इसके अलावा तीन युवक भी गंभीर बताए जा रहे हैं, जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी हैदरगढ़ से ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। भीषण हादसे में इनोवा का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
पीछे से ट्रेलर में जा घुसी कार
हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे ट्रेलर के पीछे चल रही इनोवा अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक में जा भिड़ी। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ देर के लिए हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।




