मामले की जानकारी होने पर शिक्षक संगठन भी आए आगे, कठोर कार्रवाई कर रहे मांग
एस.जायसवाल ”सूर्या”
बाराबंकी। जिले के विकासखंड बनीकोडर अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय काशीपुर की इंचार्ज प्रधानाध्यापक अंजलि को फोन पर धमकाने और फ्रॉड करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) बताकर फोन किया और विभागीय अधिकारियों के नाम का दुरुपयोग किया।
कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपने पद का गलत प्रभाव दिखाते हुए प्रधानाध्यापिका को भयभीत करने की कोशिश की। बातचीत के दौरान उसकी भाषा और तौर-तरीकों से धोखाधड़ी की मंशा स्पष्ट झलकती है। इस पूरी बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, हालांकि इस रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता की पुष्टि हमारा समाचार पत्र नहीं करता। इसके बावजूद मामला गंभीर माना जा रहा है।
पीड़ित प्रधानाध्यापिका ने प्रकरण से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अवगत कराते हुए पुलिस में शिकायत करने की बात कही है। बीएसए नवीन कुमार पाठक ने बताया कि प्रधानाध्यापिका को फर्जी बीएसए बनकर धमकाने का मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि कल पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय से मिलकर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
वहीं, प्राथमिक शिक्षक संघ (सुशील गुट) से पूरेडलई ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि काशीपुर की प्रधानाध्यापिका को फर्जी बीएसए बनकर प्रताड़ित किए जाने की जानकारी मिली है, जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने भी प्रकरण की शिकायत पुलिस सहित उच्चाधिकारियों से करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी शिक्षक के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो।