-
एक बच्ची चलती ऑटो से कूदकर बची, परिजनों को दी जानकारी
-
बड्डूपुर थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बाराबंकी। जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र में रविवार को बच्चों के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, एक शातिर ऑटो चालक ने रेलवे क्रॉसिंग के पास चार मासूम बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने ऑटो में बैठा लिया और तेज रफ्तार में लेकर निकल गया। लेकिन, उनमें से एक बच्ची को शक हुआ और वह चलते ऑटो से कूदकर जान बचाने में सफल रही।
बच्ची ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीन लापता बच्चों की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बकरी चरा रहे थे बच्चे, ऑटो चालक ने झांसा देकर बैठाया ऑटो में
घटना बड्डूपुर थाना क्षेत्र के सरैया फूटी गांव और हजरतपुर गुरेश गांव की बताई जा रही है।
रविवार की दोपहर सरैया मातबर नगर रेलवे क्रासिंग के पास वीरेंद्र का छह वर्षीय पुत्र शेखर, नौ वर्षीय पुत्री मिनी, फिरोज की 11 वर्षीय पुत्री शहरीफुन, और उनकी एक अन्य सहेली बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात ऑटो चालक वहां पहुंचा और बच्चों से बातचीत करने लगा। उसने बच्चों को ‘घुमाने’ का लालच देकर ऑटो में बैठा लिया और तेज गति से निकल गया।
सतर्क बच्ची ने बचाई जान, परिजनों को दी सूचना
चलते ऑटो में एक बच्ची को कुछ गलत होने का अहसास हुआ। उसने हिम्मत दिखाई और चलती गाड़ी से कूद गई। किसी तरह वह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और तीन लापता बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
” क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगतराम कनौजिया ने बताया कि पीड़ित परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। तीनों बच्चों की सकुशल वापसी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। “जांच तेज़ी से की जा रही है। जल्द ही बच्चों को ढूंढ लिया जाएगा। ”
— जगतराम कनौजिया, क्षेत्राधिकारी फतेहपुर



