बाराबंकी। बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र में बाराबंकी–रामनगर हाईवे पर सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मसौली चौराहे के पास पशु बाजार के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हादसे में मृतक की पहचान बहराइच जपद के हजूरपुर थाना क्षेत्र के कठका मरौठा मजरा गड़रियन पुरवा निवासी औलाद हुसैन अंसारी (35) पुत्र असगर अली के रूप में हुई है। वह दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था और इन दिनों गांव आया हुआ था। उसका भतीजा आमिर हुसैन (11) पुत्र अकबर हुसैन लखनऊ के गोसाईगंज स्थित मदरसे में पढ़ाई करता है। रविवार रात आमिर के शरीर में दर्द होने पर परिजनों ने उसे घर लाने का निर्णय लिया था। इसके लिए औलाद हुसैन अपने रिश्तेदार इरशाद (18) पुत्र अतहर हुसैन के साथ बाइक से लखनऊ गया था।
सोमवार सुबह तीनों लौट रहे थे, तभी मसौली चौराहे के पास पशु बाजार के निकट तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मसौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी बड़ागांव पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने औलाद हुसैन को मृत घोषित कर दिया। इरशाद और आमिर का उपचार जारी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।