Wednesday, October 14, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedनीला ड्रम केस: मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को कोर्ट ने सुनाई...

नीला ड्रम केस: मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को कोर्ट ने सुनाई फांसी की सजा

  • सजा सुनते ही भावुक हुए दोनों दोषी, मुस्कान बोली मेरी दोनों बेटियों का ख्याल रखा जाए

मेरठ। बहुचर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड यानी नीला ड्रम केस में अदालत ने मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। बुधवार को जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा की अदालत में सजा पर सुनवाई के दौरान दोनों दोषी भावुक हो गए। सजा सुनाए जाने से पहले मुस्कान ने अपनी दो छोटी बेटियों का हवाला देते हुए कम से कम सजा देने की गुहार लगाई। वहीं, साहिल ने भी अदालत से नरमी बरतने की अपील की।

लंच से पहले दोनों दोषियों को जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उनसे पूछा कि सजा सुनाए जाने से पहले वे कुछ कहना चाहते हैं तो दोनों ने जवाब दिया कि उन्हें कुछ नहीं कहना है।

लंच के बाद दोबारा सुनवाई के दौरान अदालत ने मुस्कान से पूछा कि पति की हत्या में दोषी साबित होने के बाद वह अपने लिए क्या सजा चाहती है। इस पर मुस्कान ने कहा कि उसकी दोनों बेटियां बहुत छोटी हैं। उनका ख्याल रखा जाए और उसे कम से कम सजा दी जाए।

इसके बाद अदालत ने साहिल शुक्ला से उसका पक्ष पूछा। साहिल ने भी कम से कम सजा देने की अपील की। हालांकि, अदालत ने दोनों को मृत्युदंड की सजा सुनाई।

जेल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, फैसला सुनते समय मुस्कान ने हाथ जोड़ रखे थे। सजा का ऐलान होने के बाद वह रोने लगी। साहिल की आंखें भी नम हो गईं। कुछ देर बाद दोनों फूट-फूटकर रोने लगे। इसके बाद जेल प्रशासन उन्हें बैरकों में ले गया।

अभियोजन ने की थी मृत्युदंड की मांग

मामले में अभियोजन पक्ष ने अपराध की गंभीरता और क्रूरता का हवाला देते हुए दोनों दोषियों के लिए मृत्युदंड की मांग की थी। वहीं, बचाव पक्ष ने मुस्कान की दो बेटियों के भविष्य और परवरिश का हवाला देते हुए अदालत से सजा में नरमी बरतने की अपील की थी। अदालत ने सुनवाई के बाद दोनों को मृत्युदंड की सजा सुनाई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments