-
दो डाक्टरों के पैनल ने किया अधिवक्ता के शव का पोस्टमार्टम्
-
13 फरवरी को लखनऊ से आते समय असेनी मोड़ पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर की थी हत्या
बाराबंकी। जिले में सरेराह दिनदहाड़े अधिवक्ता शुएब किदवाई उर्फ बॉबी की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार उनके शरीर में 10 गोलियां लगी थीं। दो चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया।
बताया गया कि 13 फरवरी को वह लखनऊ से अपनी कार से लौट रहे थे। अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर असेनी मोड़ के पास अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां कार के शीशे को चीरते हुए उनके शरीर में जा लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौके पर प्रवीण कुमार (आईजी अयोध्या), पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय और अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और पुलिस को घटनास्थल से कई खोखे बरामद हुए।
बॉबी को दिवंगत मुख्तार अंसारी का करीबी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।
कोतवाली नगर के सिविल लाइन निवासी शुएब किदवाई उर्फ बॉबी वर्तमान में लखनऊ के महानगर एक्सटेंशन सेक्टर-सी में रह रहे थे। वह कई वर्षों से विधि व्यवसाय से जुड़े थे और लगभग प्रतिदिन कचहरी आते थे। उन पर दो हत्या और गैंगस्टर समेत छह मुकदमे दर्ज थे तथा वह कोतवाली नगर थाने के हिस्ट्रीशीटर भी बताए जाते हैं।
बसपा सरकार के दौरान वह बंकी ब्लॉक से ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख भी रहे थे। शुक्रवार को वह लखनऊ से अपनी बलेनो कार से अकेले कचहरी के लिए निकले थे। हाईवे पर असेनी ओवरब्रिज से सर्विस लेन पर पहुंचते ही शूटरों ने कार को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रारंभिक जानकारी में चेहरे के दाहिने हिस्से, सीने के बाएं भाग, हाथ के अंगूठे और पैर में गोलियां लगीं। चेहरे पर लगी एक गोली गर्दन के ऊपर से पीछे निकल जाने की बात कही जा रही थी।
मृतक की पहचान के बाद पुलिस ने जांच और तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि हमले में एक बाइक पर हेलमेट लगाए दो शूटर और एक कार में सवार करीब छह बदमाश शामिल थे। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।




