अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेलिंग, पुलिस पर जबरन सुलहनामा कराने का आरोप
बाराबंकी। शादी का झांसा देकर किशोरी छात्रा का शारीरिक शोषण करने तथा गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात करा दिया गया। इतना ही नही पीड़िता का अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया जा रहा है। मामले की शिकायत जब पीड़िता की मां ने कुर्सी थाने में की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिर में एसपी को शिकायती पत्र देकर पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई है।
थाना कुर्सी क्षेत्र की एक महिला ने एसपी को तहरीर देकर बताया कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री कक्षा नौ की छात्रा है। आरोप है कि थाना सतरिख क्षेत्र के ग्राम भिटौलीकलां निवासी शिवा पुत्र शत्रोहन ने उसकी पु्त्री को प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया। जिसके बाद उससे बार-बार शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी ने मांग भरकर फोटो भी खिंचवाई, जिससे किशोरी को विवाह का होने विश्वास हो गया।
पीड़िता की मां के अनुसार, लगातार शारीरिक शोषण के चलते किशोरी गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी ने दवाइयां खिलाकर जबरन गर्भपात करा दिया। इससे किशोरी के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ा।
आरोप है कि 13 दिसंबर 2025 को आरोपी ने शादी की बात करने के बहाने किशोरी को बुलाया, जहां पुनः शारीरिक शोषण किया और बाद में शादी से इनकार कर दिया। आरोपी ने यह भी कहा कि उसकी शादी कहीं और तय हो गई है, जहां उसे अधिक दहेज मिल रहा है।
पीड़िता पक्ष का यह भी आरोप है कि आरोपी ने किशोरी के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना रखे हैं और पुलिस में शिकायत करने पर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। इससे किशोरी और उसका परिवार भय और मानसिक तनाव में है।
कुर्सी पुलिस की ओर से कोई कार्यवाही नहीं होने पर पीड़िता की माँ ने पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय से से न्याय की गुहार लगाई है।