बाराबंकी। असंद्रा थाना क्षेत्र में रसूलपुर चौराहा व पैगंबरपुर के पास शुक्रवार रात एक दुकान और गोदाम पर हुई छापेमारी में संदिग्ध खाद का बड़ा जखीरा मिलने के बाद पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। जिला कृषि अधिकारी राजित राम की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई।
तहरीर के अनुसार भाकियू (अराजनैतिक) के जिला उपाध्यक्ष व मोहम्मदपुर चंदी सिंह निवासी सुरेंद्र कुमार वर्मा ने सूचना दी थी कि पैगंबरपुर स्थित प्रमोद कुमार वर्मा के गोदाम में नकली डीएपी खाद रखी गई है। सूचना के बाद आरोपी प्रमोद कुमार वर्मा निवासी पिपरीहार, थाना कोठी को बुलाकर गोदाम खुलवाया गया।
निरीक्षण के दौरान जिप्सम दानेदार, प्लेन सिली बोरी, एमओपी जैसा लाल पदार्थ, खाली बोरियां, लाल रंग से भरा ड्रम, मोरंग, मिक्सर मशीन, स्प्रे मशीनें सहित बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। आरोपी बरामद स्टॉक से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। फास्फेट रिच ऑर्गेनिक मैन्योर का एक नमूना भी मौके से लिया गया।
मजिस्ट्रेट व गवाहों की मौजूदगी में पूरा स्टॉक सील कर कांस्टेबल विनय कुमार की सुपुर्दगी में सौंपा गया। कृषि अधिकारी के अनुसार लाल क्रिस्टल, सफेद पाउडर, मिक्सर मशीन और अन्य सामग्री की बरामदगी से स्पष्ट है कि गोदाम में अवैध तरीके से उर्वरक का विनिर्माण/मिसब्रांडिंग कर बिक्री की जा रही थी, जो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।