सरकारी आवास में हुई घटना, सरकारी पिस्टल से गोली चलने की आशंका
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
प्रयागराज। पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में बुधवार दोपहर गोली लगने से हेड कांस्टेबल अजय कुमार मौर्य (36) की मौत हो गई। वह इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक शासकीय अधिवक्ता की सुरक्षा में तैनात थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोली उनकी गर्दन में लगी। उन्हें गंभीर हालत में स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अजय कुमार मौर्य बुधवार दोपहर करीब दो बजे अपने सरकारी आवास पर थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पत्नी की चीख सुनकर आसपास के लोग आवास पर पहुंचे। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
अजय मौर्य वर्ष 2011 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वह मूल रूप से वाराणसी जिले के चोलापुर क्षेत्र स्थित भोपापुर गांव के निवासी थे। वह पत्नी और दो बच्चों के साथ पुलिस लाइन के सरकारी आवास में रहते थे।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ड्यूटी पर जाने से पहले सरकारी पिस्टल की सफाई या उसे संभालते समय अचानक गोली चल गई। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है।