502 शीशी प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद, बाइक व मोबाइल भी जब्त
लखनऊ। अंतर्राज्यीय स्तर पर अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन बरामद किया है।
एसटीएफ को सूचना मिल थी कि बिहार से अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन मंगाकर लखनऊ व आसपास के जिलों में सप्लाई की जा रही है। इसी क्रम में एसटीएफ की टीम ने 6 अप्रैल की शाम थाना काकोरी क्षेत्र के करियाबाद अंडरपास के पास घेराबंदी कर एक युवक को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रेहान पुत्र मुसाहिब, निवासी तिरवा, थाना रहिमाबाद, लखनऊ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 180 एमएल की 502 शीशी ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह एक संगठित गिरोह के लिए काम करता है, जो ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की अवैध सप्लाई करता है। उसने बताया कि बालागंज कैटल कॉलोनी निवासी इरफान इस गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो इंजेक्शन की व्यवस्था करता है।
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन का अवैध उपयोग पशुओं और मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। बरामद इंजेक्शन के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
इस मामले में थाना काकोरी, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।