कुर्सी क्षेत्र में लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर घटना, पुलिस ने जांच शुरू की
पर्स में रखी थी 10 हजार नगदी, चांदी के जेवरात एवं मोबाइल
बाराबंकी। जिले में चेन स्नेचिंग, छिनैती और लूट की लगातार वारदातों को अंजाम देकर बदमाश पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़े कर रहे हैं। नगर कोतवाली क्षेत्र में अक्टूबर माह में तीन महिलाओं से चेन लूटने के बाद अब बदमाशों ने कुर्सी थाना क्षेत्र में एक और घटना को अंजाम दिया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर बसारा गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला का पर्स झपट लिया और फरार हो गए। घटना के समय सीतापुर जनपद के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र निवासी मोहित कुमार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बाइक से लखनऊ जा रहे थे। जब उनकी बाइक कपूर पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तो पीछे से आई एक अन्य बाइक पर सवार दो युवकों ने महिला के हाथ से पर्स झपट लिया।
पीड़ित ने कुछ दूरी तक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे तेजी से भाग निकले। पर्स में 10 हजार रुपये नकद, चांदी की एक जोड़ी पायल और एक मोबाइल फोन था। पीड़िता ने तत्काल घटना की सूचना कुर्सी पुलिस को दी।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।