फतेहपुर रोड पर स्थित पुराने बस स्टेशन पर बुधवार दोपहर हुआ दर्दनाक हादसा
ट्रक चालक फरार, खलासी को हिरासत में लेकर पुलिस ने कब्जे में किया वाहन
बाराबंकी। कोतवाली नगर फतेहपुर रोड पर स्थित पुराने स्टेशन के पास दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। यहां बुधवार की दोपहर बस पर चढ़ते समय गिरे वृद्ध को ट्रक ने रौंद दिया। वृद्ध की सिर कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। वृद्ध की पहचान लखनऊ के निवासी के रूप में हुई।
फतेहपुर -देवा रोड पर पुराने बस स्टेशन पर बुधवार को लखनऊ के पवनपुरी गली नं 09 निवासी 56 वर्षीय कृष्णा तिवारी पुत्र रामा रमण तिवारी बाराबंकी किसी कार्यवश आए थे। दोपहर लगभग 2.30 बजे लखनऊ जाने के लिए एक बस पर चढ़ रहे थे। इसी दौरान कृष्णा तिवारी का पैर फिसल गया और वह बस से नीचे गिर गए। इतने में देवा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने कृष्णा तिवारी को रौंद दिया। सिर कुचलने से वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों से मिले फोन नंबरों से पहचान कर परिजनों को हादसे की सूचना दी। ट्रक चालक मौके से वाहन छोड़ कर फरार हो गया, जबकि वाहन कब्जे में लेकर खलासी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। शव को जिला अस्पताल के पीएम हाउस में रखवा दिया गया है।