परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करने पर पहुंची एडीजी लखनऊ जोन सुजीत पांडे साथ में डीएम शशांक त्रिपाठी एवं एसपी अर्पित विजयवर्गीय
एडीजी लखनऊ जोन ने किया आरओ, एआरओ परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण
कड़ी निगरानी में 23 केन्द्रों पर हुई परीक्षा, आधे से ज्यादा अभ्यर्थीरहे अनुपस्थित
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रविवार को 23 परीक्षा केन्द्रों पर आरओ एवं एआरओ परीक्षा भारी पुलिस बल के बीच हुई। इस दौरान पुलिस बल के साथ जिले भर के प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी भी परीक्षा केन्द्रों पर कड़ी नजर बनाए हुए थे। एडीजी लखनऊ जोन ने भी बाराबंकी पहुंच कर कोतवाली नगर क्षेत्र के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी।
जिले में 23 परीक्षा केन्द्रों पर रविवार को समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी आदि परीक्षा 2023 कराई गई। जिसमें इन परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा के लिए के लिए नौ हजार छह सौ चौंसठ अभ्यर्थी पंजीकृत थे। जिसमें से परीक्षा में केवल चार हजार चार सौ अड़तिस अभ्यर्थी परीक्षा के लिए उपस्थित हुए। जबकि पांच हजार दो सौ छब्बीस अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। इस दौरान परीक्षा केन्द्रों व उसके आसपास काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। इसके साथ जिले भर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कर्मचारी भी परीक्षा के दौरान कड़ी निगरानी रखे हुए थे।
रविवार की सुबह अपर पुलिस महानिदेशक जोन लखनऊ सुजीत पाण्डेय ने कोतवाली नगर क्षेत्र के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होनें परीक्षा केन्द्रों की सुरक्षा व्यवस्था परखी। उन्होंने परीक्षा को पारदर्शी, शुचिता एवं शांतिपूर्ण ठंग से सम्पन्न कराने के निर्देश भी दिए। एडीजी के साथ निरीक्षण दौरान जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय व अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।