चेयरमैन ने लगाया धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप
बाराबंकी। नगर पंचायत फतेहपुर के चेयरमैन के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी करने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज जांच शुरु कर दी है। फतेहपुर पुलिस ने चेयरमैन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। चेयरमैन ने मानसिक और सामाजिक शोषण के साथ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरेाप लगाया है।
नगर पंचायत फतेहपुर के अध्यक्ष इरशाद अहमद कमर ने फतेहपुर पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें आरोप लगाया है कि उसके खिलाफ लगभग एक साल से फेसबुक पर बिच्छू फतेहपुर की आईडी से पोस्ट व कमेंट करके उनका सामाजिक तथा मानसिक शोषण किया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार उनकी छवि खराब करने के लिए भ्रामक आरेाप लगाए जा रहे हैं। यहां तक कि चेयरमैन ने आरोपियों पर उनके धर्म पर भी सवाल उठाने का आरोप लगाया है। दर्ज मुकदमें में पीड़ित ने बताया कि फेसबुक पर उन्हें गाली दी जा रही है, इससे उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है। चेयरमैन ने मोहल्ला मिंदही नालापार दक्षिणी निवासी असद अब्बासी पुत्र सनाउर रहमान उर्फ पन्ने मियां को बराबर का भागीदार बताया है। कोतवाली फतेहपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।