बाराबंकी। शुक्रवार को बड़गांव-मसौली रोड पर दो मोटर साइकिलों में हुई आमने सामने की टक्कर में घायल चार लोगों में से एक की उपचार दौरान मौत हो गई जबकि तीन अन्य का उपचार चल रहा है। वहीं दो दिन पूर्व टिकैतनगर के रानीकटरा से दवाई लेकर घर वापस जाते समय तेज रफ्तार मोटर साइकिल की ठोकर से घायल वृद्ध की मेडिकल कालेज में मौत हो गई।
थाना सफदरगंज के अन्तर्गत ग्राम कुडी निवासी अंकित पुत्र सुभाष शुक्रवार को ब्लेड सैम्पल लेने के लिए बड़ागांव जा रहे थे। गांव के करीब पहुंचने के दौरान तीन बाइक सवारों की बाइक में आमने सामने जोरदार भिडंत हो गई। जिसमें अंकित के साथ तीनों बाइक सवार 25 वर्षीय रंजीत पुत्र बाले 24 वर्षीय विनय मौर्या पुत्र ईश्वरदीन और 20 वर्षीय करन पुत्र सुरेश निवासी बांसा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिन्हें उपचार के लिए एंबुलेंस से बड़ागांव ले जाया गया। गंभीर अवस्था में चारों को जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज में चिकित्सकों ने उपचार के दौरान करन को बलरामपुर हॉस्पिटल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार बलरामपुर हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते में ही करने की मौत हो गई। जिसके बाद शव लेकर घर पहुंचे परिजनों ने मसौली पुलिस को सूचना दी। घर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इसी तरह टिकैतनगर के गोपालपुर मजरे अगानपुर निवासी 65 वर्षीय राम मिलन 10 जुलाई की सुबह 10 बजे रानीकटरा दवाई लेने गए थें। जहां से पैदल ही घर वापस आ रहे थे। इसी दौरान टिकैतनगर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने वृद्ध को ठोकर मार दी। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी टिकैतनगर ले जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल फिर मेडिकल कालेज रेफर किया। मेडिकल कालेज में उपचार दौरान शुक्रवार को घायल वृद्ध की मौत हो गई।