Saturday, June 6, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSन्याय पंचायतों में आयोजित शिक्षा चौपाल में अभिभावकों ने ली शिक्षा के...

न्याय पंचायतों में आयोजित शिक्षा चौपाल में अभिभावकों ने ली शिक्षा के प्रति जागरूकता की शपथ

बाराबंकी। जिले के विभिन्न न्याय पंचायतों में शनिवार को शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सिरौलीगौसपुर विकास खंड अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय मरकामऊ के प्रांगण में न्याय पंचायत स्तरीय शिक्षा चौपाल का सफल आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई शिक्षा नीति के लक्ष्यों को धरातल पर उतारना, अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक करना तथा विद्यालय और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान मरकामऊ रेखा गुप्ता एवं ब्लॉक अध्यक्ष उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ सिरौलीगौसपुर दिलीप तिवारी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “शिक्षा चौपाल केवल एक बैठक नहीं, बल्कि गांव के प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। जब समुदाय विद्यालय से जुड़ता है, तभी विद्यालय ‘निपुण’ बनता है।”

शिक्षा चौपाल के दौरान न्याय पंचायत के विभिन्न विद्यालयों से चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं सृष्टि, विशाल, अंजलि सहित अन्य विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ। साथ ही शिक्षकों द्वारा टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अवलोकन उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने किया।

नोडल शिक्षक संकुल अभिषेक तिवारी ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शिक्षा चौपाल के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जा रही है। शिक्षक नेता अभिषेक सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से अभिभावकों की सहभागिता बढ़ रही है, जिससे विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षिक वातावरण विकसित हो रहा है।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों एवं अभिभावकों द्वारा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की शपथ ली गई। इस अवसर पर राज नारायन तिवारी, अभिषेक सिंह, रवींद्र गुप्ता, श्यामजी (ए.आर.पी.), मो. आरिफ, अमित वर्मा, रीना आनंद सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

वहीं न्याय पंचायत विरौली के कंपोजिट विद्यालय महमूदाबाद में भी शिक्षा चौपाल का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों एवं अभिभावकों को सम्मानित किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments