बाराबंकी | मसौली थाना अंतर्गत बिंदौरा गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हाईवे किनारे एक महिला पुलिसकर्मी का शव पड़ा मिला। जिसे हत्या कर फेंका गया है। मृतका की पहचान वर्दी पर लगी नेम प्लेट से विमलेश नामक से हुई है, जिसकी तैनाती बाराबंकी के सुबेहा थाने में थी। मृतका सुल्तानपुर जनपद को निवासी बताई जा रही है। आईजी प्रवीण कुमार ने भी मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। आईजी ने पुलिस की ओर से जारी हुई बाइट में हत्या होने को बात स्वीकार की है।
घटना की सूचना मिलते ही मसौली थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ ही देर में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय भी घटनास्थल पर पहुंच गए और उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शव को हत्या कर यहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुँचने से इनकार किया है और फिलहाल मामले की जांच जारी है।
पुलिसकर्मी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।