प्रेमी पर हुआ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा
बाराबंकी। संदिग्ध हालात में हुई युवती की मौत के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज किया है। यह मुकदमा मृतका के भाई की तहरीर पर दर्ज किया गया है। युवती आठ माह की गर्भवती थी। प्रेमी के विवाह न करने और प्रताड़ना तंग आकर युवती के जान देने की बात सामने आ रही है।
थाना रामनगर के एक गांव की 30 वर्षीय अनुसूचित जाति की युवती 24 जून को घर से निकली थी, जिसके बाद से उसका पता नहीं चला। परिवारजन ने काफी तलाश की तो दूसरे दिन 25 जून की सुबह उसका शव गांव के बाहर स्थित एक बाग में मिला। युवती का शव इस अवस्था में था मानों वह पेड़ से टेक लगाकर बैठी है। मृतका के भाई का आरोप है कि उसकी बहन का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग था, दोनों में कुछ दिनों से विवाद हो रहा था। जिसके चलते प्रेमी ने ही बहन की हत्या की है। हालांकि देर रात पुलिस ने आरोपित युवक पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन युवती के करीब आठ माह की गर्भवती होना पता चला है। पोस्टमार्टम में विसरा सुरक्षित रखा गया है जो जांच के लिए भेजा जाएगा। बताया जाता है कि विषाक्त पदार्थ खाने से युवती की मौत हुई है।
प्रभारी एसपी व एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि दर्ज मुकदमा में हत्या के लिए प्रेरित करने की धारा लगाई जा रही है। अभी तक हुई जांच व पूछताछ से पता चला है कि विवाह को लेकर विवाद था, युवती गर्भवती थी।