ईओडब्ल्यू की टीम ने बाराबंकी से किया गिरफ्तार, लगातार फरार चल रहा था आरोपी
बाराबंकी। समाज कल्याण विभाग में बिचौलियों के माध्यम से अपात्रों के खाते में पात्रों की पारिवारिक सहायता की राशि भेज कर तीन करोड़ रूपए गबन के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। ईओडब्ल्यू की टीम ने आरोपी बाबू राम सनेही गौतम को 30 अगस्त को बाराबंकी कोतवाली क्षेत्र से दबोच लिया है।
राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को कमाऊ मुखिया की मृत्यु पर आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। जांच में यह पाया गया कि समाज कल्याण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बिचौलियों के साथ मिलकर इस धनराशि को अपात्र व्यक्तियों के खातों में स्थानांतरित कर रहे थे और गबन कर रहे थे।
इस मामले की जांच देवा कोतवाली में मुकदमा दर्ज दर्ज होने के बाद ईओडब्लू को सौंप दी गई थी। गहन जांच के बाद रामसनेही गौतम के खिलाफ आईपीसी की धारा 409, 419, 420, 467, 468, 471, 120B में आरोप तय किए गए थे। जिसके बाद से गिरफ्तारी की लिए टीम प्रयास में लगी थी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। ईओडब्ल्यू की टीम ने आरोपी को कोतवाली क्षेत्र से 30 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
विभाग को योजनाओं में पारदर्शिता की आवश्यकता: इस घोटाले के उजागर होने से सरकार की योजनाओं में पारदर्शिता और नियंत्रण की आवश्यकता और भी अहम हो गई है। यह घटना सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर चेतावनी है, ताकि भविष्य में लाभार्थियों को सही तरीके से आर्थिक मदद मिल सके।