दूसरी बसों से यात्रियों को उनके गंतव्य पर भेजा गया
जिला अस्पताल में चल रहा परिचालक का उपचार
बाराबंकी। बहराइच से कानपुर जाते समय आजादनगर डिपो के बस परिचालक रामनगर थाना क्षेत्र के एक ढाबा पर बस रोक कर नाश्ता करने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिचालक के स्वास्थ्य खराब होने से दो घंटे परेशान रहे बस के यात्रियों को अन्य बसों से उनके गंतव्य के लिए भेजा गया।
कानपुर के थाना कोहना अंतर्गत नवाबगंज निवासी 46 वर्षीय ओम नरायण पुत्र सत्य प्रकाश कानपुर के आजानगर डिपों में परिचालक पद पर तैनात हैं। रविवार की सुबह अपनी बस यूपी 78 के टी 9912 के यात्रियों को बहराइच से कानपुर लेकर जा रहे थे। बाराबंकी-बहराइच मार्ग पर रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नचना के बाबा ढाबा पर रोककर यात्रियों के साथ ओम नरायण नाश्ता कर रहे थे। इस दौरान अचानक परिचालक का स्वास्थ्य खराब हो गया और कुर्सी से गिर कर बेहोश हो गए। ढाबे पर मौजूद यात्रियों और लोगों में परिचालक का स्वास्थ्य देख डर गए।
मामले की जानकारी चालक ने विभाग के उच्चाधिकारियों को दी। रामनगर बस स्टेशन के इंचार्ज मनीष तिवारी ने आनन-फानन में परिचालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में एंबुलेंस से उपचार के लिए भिजवाया। सीएचसी के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद परिचालक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।