Saturday, June 6, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSई-रिक्शा चार्जिंग को लेकर विवाद में चली गोली, तीन घायल पंप संचालक...

ई-रिक्शा चार्जिंग को लेकर विवाद में चली गोली, तीन घायल पंप संचालक और बेटा गिरफ्तार

  • एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया घटनास्थल का जायजा

बाराबंकी। ई-रिक्शा चार्ज करने को लेकर देर रात दो पक्षों में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते लाठी-डंडे चले और फायरिंग तक हो गई। फायरिंग में एक व्यक्ति को गोली लगी जबकि मारपीट में दो लोग घायल हुए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया और पेट्रोल पंप संचालक, उसके बेटे व चालक को गिरफ्तार कर लिया।

घटना थाना लोनीकटरा क्षेत्र के हुसैनाबाद गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप पर मंगलवार रात करीब ग्यारह बजे की है। जानकारी के मुताबिक, रायपुर (हैदरगढ़) निवासी दीपचंद द्विवेदी भिलवल की ओर से ई-रिक्शा लेकर लौट रहे थे। बैटरी खत्म होने पर वे पेट्रोल पंप पर बने चार्जिंग प्वाइंट पर चार्ज लगाने लगे। इसी बात को लेकर पंप कर्मियों से कहासुनी हो गई।

घटना के बाद मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल
घटना के बाद मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल

सूचना मिलने पर पंप मालिक वीरेंद्र शुक्ला निवासी लखनऊ कैंट अपने पुत्र शशांक शुक्ला और चालक ऋतिक यादव के साथ मौके पर पहुंचे। इसी बीच दीपचंद ने अपने गांव रायपुर से परिजनों को बुला लिया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही मारपीट शुरू हो गई।

मारपीट के दौरान पंप मालिक के बेटे शशांक शुक्ला ने गाड़ी से असलहा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लवकुश (रायपुर निवासी) के पेट और हाथ में जा लगी। वहीं मारपीट में पंप संचालक वीरेंद्र शुक्ला, शतीश द्विवेदी और दीपेंद्र द्विवेदी घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी त्रिवेदीगंज पहुंचाया, जहां से लवकुश को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ और वीरेंद्र शुक्ला को जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर किया गया।

इलाज के दौरान दोनों पक्षों के समर्थक सीएचसी पर फिर आमने-सामने आ गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोनीकटरा, हैदरगढ़, कोठी और सुबेहा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।

थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्य ने बताया कि घायल शतीश चंद्र द्विवेदी की तहरीर पर पंप मालिक वीरेंद्र शुक्ला, पुत्र शशांक शुक्ला और चालक ऋतिक यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments