बाराबंकी। कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए सदैव संघर्षरत रहने वाले स्वर्गीय हुकुम सिंह यादव की पांचवीं पुण्यतिथि पर उनकी समाधि स्थल प्रेरणा स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उनकी समाधि पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उनके सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं स्वर्गीय हुकुम सिंह यादव के छोटे भाई ज्ञान सिंह यादव ने कहा कि हुकुम सिंह यादव आम लोगों के हितों के लिए संघर्ष करने में सदैव आगे रहते थे। अपने अल्पायु जीवन में उन्होंने कई बार जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन किए और लोगों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय हुकुम सिंह यादव ने अपना जीवन कमजोर, पिछड़े, दलित एवं अल्पसंख्यक वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया था। जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रियता और संघर्षशीलता उन्हें लोगों के बीच अलग पहचान दिलाती थी। उनके विचार और समाजसेवा की भावना आज भी लोगों को प्रेरणा देती है।
सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वर्गीय हुकुम सिंह यादव ने समाज के दबे-कुचले और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनने का कार्य किया। उनके संघर्ष और सामाजिक सरोकारों को सदैव याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर राम अवतार यादव, ओमचंद, पंकज शर्मा, सहज राम, दिलीप मिश्रा, डॉ. इंद्रेश यादव, प्रवेश यादव, रमापति, तरुण वर्मा, श्याम सिंह, बबलू यादव, शिवकुमार, विवेक कुमार, विकास एवं राजन लाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।