बाराबंकी। सिद्धौर विकास खंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय सरसा में कार्यरत शिक्षक स्वर्गीय सुदेश कुमार के असामयिक निधन पर TSCT (टीचर्स सेल्फ केयर टीम उत्तर प्रदेश) की जिला टीम ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान संस्था द्वारा भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई और नॉमिनी श्रीमती सरोज कुमारी से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए गए।
संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेकानंद जी ने दूरभाष पर शोक संतप्त परिवार से बात कर उन्हें सांत्वना दी और बताया कि आगामी 10 दिनों के भीतर संस्था की ओर से ₹50 लाख तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि TSCT अब तक प्रदेश में 500 से अधिक दिवंगत शिक्षक परिवारों को ₹200 करोड़ से अधिक की सहायता प्रदान कर चुकी है।
जिला संयोजक महेंद्र वर्मा ने कहा कि TSCT अपने प्रत्येक सदस्य के प्रति पूरी जिम्मेदारी के साथ खड़ी रहती है। स्वर्गीय सुदेश कुमार के परिवार को अधिक से अधिक सहायता दिलाना संस्था की प्राथमिकता है। वहीं जिला आईटी सेल प्रभारी राज कुंवर दूबे ने बताया कि संस्था की पारदर्शी व्यवस्था के तहत निर्धारित समयसीमा में सहायता राशि सीधे नॉमिनी के खाते में भेजी जाएगी।
भौतिक सत्यापन के दौरान प्रदेश आईटी सेल प्रभारी आशीष बाजपेई, मंडल प्रवक्ता हिमांशु वर्मा, जिला प्रवक्ता प्रशांत वर्मा, जिला आईटी सेल प्रभारी राघवेंद्र कुमार सुमन, जिला सहसंयोजक परवेज़ अहमद, प्रेम चंद्र (कन्यादान योजना प्रभारी), ब्लॉक सिद्धौर संयोजक प्रतीक, राजकुमार, सुनील कुमार, राजकपूर (यूटा जिला कोषाध्यक्ष) सहित शिक्षक परिवार के सदस्य रमा शंकर व मंशाराम उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि 26 मार्च 2025 को विद्यालय जाते समय लखनऊ पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल के पास हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में शिक्षक स्वर्गीय सुदेश कुमार का दुखद निधन हो गया था।