लेखपाल की तहरीर पर देवा पुलिस ने दर्ज किया किसान पर मुकदमा
बाराबंकी। परगना क्षेत्र देवा में एक किसान ने खलिहान की आंशिक भूमि की जुताई कर उस पर धान की रोपाई करा दी। हल्का लेखपाल ने एसडीएम के आदेश पर पुलिस को तहरीर देकर आरोपी किसान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर में खाता संख्या 404 की जमीन खलिहान में दर्ज है। जिसके आंशिक भाग पर गांव के हरिश्चंद्र पुत्र बाबादीन ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। हल्का लेखपाल दिवाकर सिंह ने बताया कि जांच से पहले ही मना करने के बाद भी खेत की जुताई कर आरोपित ने उसपर धान की रोपाई करा दी। लेखपाल ने मामले की जानकारी एसडीएम सदर को दी। जिस पर एसडीएम ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। लेखपाल ने देवा कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करा दिया है। पुलिस जांच में जुटी है।