बाराबंकी में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान फिल्मी ड्रामा. दहेज विवाद के बीच प्रेमी ने भरे सिंदूर से सबको चौंकाया
बाराबंकी। घाहर के एक मोहल्ले में बुधवार रात एक शादी समारोह अवानक फिल्मी ड्रामे में तब्दील हो गया, जब दुल्हन के प्रेमी ने मंडप में ही दूल्हे के सामने उसकी मांग भर दी। घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई और बारात बिना दुल्हन के लौट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हैदरगढ़ से बारात शहर के एक मोहल्ले में पहुंची थी। द्वार पूजा की रस्म के बाद जब दूल्हा मंडप में पहुंचा, तभी दूल्हे के पिता ने दहेज में नकद धनराशि की मांग करते हुए आगे की रस्में रोक दीं। इस बात से दुल्हन भावुक होकर रोने लगी, और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
आप मुझसे शादी कर लीजिए..: जब माहौल तनावपूर्ण हो गया और दूल्हे के परिवार ने बारात वापस ले जाने की धमकी दी, तब दुल्हन ने अपनी बड़ी बहन के देवर से कहा कि वह उससे शादी कर ले। इसी दौरान वह युवक अचानक आगे आया और दूल्हे के सामने ही दुल्हन की मांग में सिंदूर भर दिया।
तीन साल से था प्रेम संबंधः सिंदूर भरने वाले युवक ने दावा किया कि उसका तीन साल से दुल्हन से प्रेम संबंध था और उसने पहले भी शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन लड़की के पिता ने इनकार कर दिया था। अब जब स्थिति बिगड़ी तो उसने यह कदम उठाया।
पुलिस पहुंची, दोनों पक्षों में समझौताः घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हा, प्रेमी और दुल्हन के परिजनों को कोतवाली ले गई। यहां पर दोनों पक्षों में आपसी समझौता कराया गया। दूल्हा अपनी बारात लेकर बिना दुल्हन लौट गया।
घटना बनी चर्चा का विषय, सोशल मीडिया पर वायरलः इस घटना ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर चर्चा तेज है, लोग इसे असल जिंदगी का बॉलीवुड सीन बता रहे हैं। कुछ लोग जहां दुल्हन के साहस की सराहना कर रहे हैं, वहीं कुछ इसे परिवार की प्रतिष्ठा पर सवाल मान रहे हैं।