एक्सिस बैंक का कर्मचारी भी गिरोह में शामिल, पांच राज्यों में फैला था नेटवर्क
बाराबंकी। कोतवाली नगर पुलिस ने करीब तीन करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक शातिर युवक को गिरफ्तार कर बड़े साइबर फ्राड गिरोह का खुलासा किया है। इस गिरोह में एक्सिस बैंक का एक कर्मचारी भी शामिल पाया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बैंक कर्मियों की मिलीभगत से देश के पांच राज्यों के लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था।
गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी की पहचान सार्थक उर्फ रुद्र जायसवाल पुत्र संजय जायसवाल, निवासी हजाराबाग काशीराम कॉलोनी के पास, थाना कोतवाली नगर, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि सार्थक के एक्सिस बैंक के कर्मचारियों से सीधे संपर्क थे, जिनकी मदद से साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक गिरोह साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को भोले-भाले लोगों के खातों में ट्रांसफर कराता था। बाद में उन्हें लालच देकर ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए जाते और फिर पूरी रकम निकाल ली जाती थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सार्थक जायसवाल के दो बैंक खातों से करीब 2 करोड़ 76 लाख रुपये का लेन-देन हुआ है।
इस मामले में पुलिस ने दूसरे अभियुक्त प्रमोद कुमार पुत्र रामकिशोर, निवासी गोपीनाथपुर, थाना रौनाही, जनपद अयोध्या (वर्तमान पता हाइडिल कॉलोनी, नेडा मोड़, ग्राम नौबस्ता कला, थाना चिनहट, जनपद लखनऊ) को भी गिरफ्तार किया है। प्रमोद कुमार एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताया जा रहा है, जिसकी भूमिका संदिग्ध लेन-देन में अहम पाई गई है।
कोतवाली नगर पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और बैंक स्तर पर शामिल लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। साथ ही, ठगी से जुड़े अन्य खातों और लेन-देन की भी पड़ताल जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की जांच में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।