बच्चों के स्वागत में शिक्षकों ने विद्यालयों को सजाया, बनाई रंगोली
बाराबंकी। ग्रीष्म अवकाश की समाप्ति के बाद एक जुलाई को खुले स्कूलों में पहुंचे बच्चों का शिक्षकों ने मंगलवार को रोली चंदन लगा कर स्वागत किया। शिक्षकों ने विद्यालयों को सजाने के साथ रंगोली भी बनवाई।
बेसिक शिक्षा विभाग ने जिल के समस्त परिषदीय विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान चलाया। शिक्षकों ने विद्यालयों को फूल, पत्तों, झंडियों व गुब्बारों से सजाया गया एवं रंगोली भी बनवायी गयीं। ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालयों में पहुंचे बच्चों का शिक्षकों ने रोली-चंदन लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया। उसके पश्चात स्कूल चलो अभियान रैली और संचारी रोग अभियान रैली निकाली गई। बच्चों को मध्यान्ह भोजन में हलवा, खीर, मिष्ठान इत्यादि वितरित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री सन्तोष कुमार देव पाण्डेय ने बताया कि समस्त विद्यालयों में बच्चों का स्वागत उत्सव आयोजित किया गया तथा स्कूल चलो अभियान रैली निकाली गयी। छात्र/छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गयीं। इस मौके पर खण्ड शिक्षा अधिकारी व जिला समन्वयकों द्वारा विद्यालयों में पहुंचकर स्वागत उत्सव में शामिल होकर बच्चों का स्वागत किया गया।