बाराबंकी। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के फैजुल्लापुर गांव में मस्जिद के पास लगे “आई लव मोहम्मद” लिखे बैनर को हटाए जाने के बाद देर रात तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक थाना चौकीदार ने पुलिस को सूचना देकर बैनर हटवा दिया। इसी दौरान बैनर फट गया। रात करीब सवा दस बजे समुदाय विशेष के लोग एकत्र होने लगे और चौकीदार से बैनर वापस मांगा। बैनर लौटाने के बावजूद भीड़ ने चौकीदार की पिटाई कर दी। महिलाओं को आगे लाकर माहौल बिगाड़ने का भी प्रयास किया गया।
सूचना पर एसओ दुर्गा प्रसाद शुक्ला नगर कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझाकर भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने हालात बिगाड़ने वालों समेत छह लोगों को हिरासत में लिया।
एहतियातन घटनास्थल पर भारी पुलिस बल और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात कर दी गई है। देर रात एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल हालात सामान्य हैं और विवाद को तूल देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो
घटना से जुड़ी 21 सेकेंड की सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट पर वायरल हो रही है, जिसमें चौकीदार को बैनर हटाते और राहगीरों को गुजरते देखा जा सकता है। हालांकि वीन्यूज89 वीडियो फुटेज के वास्तविकता की पुष्टि नहीं करता है।