बाराबंकी। बाराबंकी जिले के औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी के उमरा गांव में संचालित प्लास्टिक उत्पाद की फैक्ट्री में बुधवार की दोपहर भीषण आग लग गई। आग लगने से फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया। सभी भाग कर फैक्ट्री से बाहर निकले। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्टरी को चपेट में ले लिया। देर शाम आग पर दमकल वाहन आग पर काबू करने का प्रयास करते रहे। खबर लिखे जाने तक 16 दमकल वाहन पहुंच चुके हैं। सीतापुर और लखनऊ से भी दमकल वाहन बुलाने पड़े।
दोपहर में लगी आग के बाद देर रात तक पहुंचे 16 दमकल वाहन भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं कर पाए। फैक्ट्री से लगी लगातार धुआं और लपटें उठती रहीं। फैक्ट्री में प्लास्टिक के मग, बाल्टी, तसला, डिब्बे और अन्य घरेलू उत्पाद तैयार किए जाते हैं। बताया जाता है कि फैक्ट्री में वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। जिससे फैक्ट्री में आग लग गई। आग की शुरुआत फैक्ट्री अगले हिस्से में हुई, जहां अचानक धुआं उठता दिखा। प्रत्यक्षदर्शियों के की माने तो लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्टरी को अपनी आगोश में ले लिया। फैक्ट्री प्रबंधन ने पहले अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन जब बेकाबू नही पाया गया तो दमकल विभाग को सूचना दी गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
कुर्सी थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। प्राथमिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। कोई जनहानि नहीं हुई है। उधर, फैक्टरी में काम करने वाले मजदूरों का कहना है कि फैक्टरी के अंदर बड़ी मात्रा में कच्चा प्लास्टिक और तैयार माल स्टोर किया गया था, जो आग लगने की स्थिति में और ज्यादा ज्वलनशील हो गया। स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया। आग के कारण आसपास का इलाका धुएं की चपेट में आ गया जिससे दम घुटने जैसी स्थिति पैदा हो गई। फिलहाल अनुमान है कि आग से लाखों रुपये का माल और मशीनें जलकर खाक हो गई हैं। राहत की बात यह रही कि कोई व्यक्ति झुलसा नहीं है।