बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र में दुकान से घर लौट रही एक महिला के साथ युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर परिजनों को आता देख आरोपी जानमाल की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सफदरगंज थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 अक्टूबर की देर शाम वह अपनी दुकान बंद कर रेलवे क्रॉसिंग के रास्ते घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव का ही युवक चंद्रप्रकाश पुत्र राधेश्याम उसे अकेला पाकर झाड़ियों के पास खूजर के पेड़ के पीछे खींच ले गया और दुष्कर्म का प्रयास किया।
महिला के शोर मचाने पर उसके परिजन मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
थाना प्रभारी अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।