-
आजमगढ़ से लखनऊ एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार
वैगनआर का सीएनजी टैंक फंसने से दोनों कार जल कर हुई राख
पांच गंभीर रूप से घायलों को भेजा गया ट्रामा सेंटर
बाराबंकी। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में खड़ी वैगनआर कार में बैठ रहे परिवार को तेज रफ्तार ब्रीजा कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मां के साथ उसके चार मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ब्रीजा कार में सवार दिल्ली के चार लोगों समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार एक पालतू कुत्ता भी घायल हुआ है। सभी घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
हादसा उस समय हुआ जब वाराणसी मूल निवासी परिवार आजमगढ़ से लखनऊ एक वैवाहिक कार्यक्रम में जा रहा था और यात्रा के दौरान वैगनआर कार को किनारे रोककर सभी उसमें बैठने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार ब्रीजा ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों कारें करीब दो सौ मीटर तक घिसटती चली गईं और आग का गोला बनकर जलकर खाक हो गईं।



