डेढ़ घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, परिजनों ने काटा हंगामा
बाराबंकी। जिले के रामनगर कोतवाली में स्थित लोधेश्वर महादेवा में जलाभिषेक के लिए निकले फतेहपुर निवासी तीन जिगरी दोस्तों की बाइक रविवार रात सूरतगंज मार्ग पर दादनपुर के पास सड़क पर अंधेरे में खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसे में शैलेन्द्र उर्फ हेमल जोशी (22) और शक्तिमान जोशी (19) की मौत हो गई, जबकि सचिन जोशी (21) घायल हो गया। घटना की सूचना पीछे से आ रहे साथियों ने परिजनों को दी। पुलिस और परिजन सभी को फतेहपुर सीएचसी ले गए, जहां हेमल को मृत घोषित कर दिया गया। शक्तिमान की जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
ट्राली में पीछे से टकराई बाइक
फतेहपुर के जोशी टोला निवासी हेमल, शक्तिमान और सचिन रविवार रात करीब 10 बजे बाइक से महादेवा मंदिर दर्शन व जलाभिषेक के लिए निकले थे। दो अन्य साथी दूसरी बाइक से पीछे चल रहे थे। दादनपुर के पास अंधेरे में खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली दिखाई न देने से बाइक पीछे से उसमें जा भिड़ी। तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हेमल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
डेढ़ घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, रास्ते में थमी शक्तिमान की सांस
शक्तिमान की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन और अस्पताल कर्मी करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस के लिए फोन करते रहे, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। हालत बिगड़ने पर अस्पताल में मौजूद लोगों का आक्रोश बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस बल तैनात किया गया। तहसीलदार वैशाली अहलावत ने लोगों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्थिति बिगड़ती देख मोहम्मदपुर खाला थानेदार अमित सिंह भदौरिया ने अपनी गाड़ी से शक्तिमान को जिला अस्पताल रवाना कराया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। अधिकारियों ने किसी तरह लोगों को शांत कराया।
आमने-सामने हैं दोनों दोस्तों के घर
हेमल और शक्तिमान के घर जोशी टोला में आमने-सामने हैं। दोनों की मौत की खबर से मोहल्ले में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब तीन बजे दोनों के शव घर पहुंचे तो परिवारों में कोहराम मच गया। बाद में दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घायल सचिन को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मार्च में तय था हेमल का विवाह
हेमल के पिता दयाशंकर जोशी पप्पू नगर पंचायत के नामित सभासद हैं। तीन भाइयों में मंझले हेमल का विवाह दो मार्च को तय था और 27 फरवरी को तिलक होना था। वह निजी बैंक में नौकरी करता था। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था शक्तिमान
संतोष जोशी के पांच पुत्रों बंटी, विष्णु, शक्तिमान, शिवम और लवकुश में शक्तिमान तीसरे नंबर का था। जिला अस्पताल रेफर होने पर परिवार को उसके ठीक होने की उम्मीद थी, लेकिन देर रात उसकी मौत की खबर ने सभी को तोड़ दिया।
मृतकों के परिवारों को मिलेगी सरकारी मदद
तहसीलदार वैशाली अहलावत ने बताया कि कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए राजस्व जांच कराई जा रही है। नियमानुसार संबंधित अभिलेख और प्रपत्रों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।