- पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाकर एसपी कार्यालय पहुंचे ग्रामीण, सीओ ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
बाराबंकी। कोठी थाना क्षेत्र के ठाकुरपुर गांव में ट्रांसफार्मर से विद्युत कनेक्शन जोड़ने को लेकर बुधवार शाम किसान और पुलिस-विद्युत विभाग की टीम आमने-सामने आ गई। विवाद बढ़ने पर झड़प हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस पर मारपीट और बर्बरता का आरोप लगाते हुए गुरुवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित ग्रामीणों ने परिसर में धरना भी दिया। सीओ सिटी संगम कुमार ने ग्रामीणों से वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ठाकुरपुर मजरे इब्राहिमाबाद निवासी रामविनेश के मुताबिक उन्होंने पड़ोसी रामकुमार के ट्रांसफार्मर से सहमति के आधार पर ट्यूबवेल का कनेक्शन लिया था। गांव के राम प्रसाद यादव इसी ट्रांसफार्मर से तीसरा कनेक्शन जोड़ना चाहते थे। इसका रामविनेश ने विरोध किया था। इसी मामले में हाईकोर्ट में रिट दाखिल की गई थी।
मोहना पावर हाउस के जेई राजकुमार के मुताबिक हाईकोर्ट के 13 जुलाई 2026 के आदेश का पालन कराने के लिए बुधवार शाम हलका दरोगा लालजी पुलिसकर्मियों के साथ गांव पहुंचे थे। विद्युत टीम कनेक्शन जोड़ने का प्रयास कर रही थी, तभी रामविनेश ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं एकत्र हो गईं।
पुलिस-विद्युत टीम पर हमले का आरोप
जेई की तहरीर के अनुसार ग्रामीणों ने पुलिस और विद्युत विभाग की टीम के साथ मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। इसके बाद कोठी पुलिस ने जेई राज कुमार की तहरीर पर रामविनेश समेत 52 लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जेई का आरोप है कि आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए मुझे व पुलिस टीम को गाली दी और हमला कर जान से मारने की धमकी दी है।
वहीं ग्रामीणों ने हलका दरोगा पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को करीब तीन दर्जन से अधिक ग्रामीण और महिलाएं एसपी कार्यालय पहुंचे और दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप था कि उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जा रहा है।
इस दौरान खुद को पत्रकार बताने वाले एक युवक ने भी पुलिस पर मेडिकल न कराने का आरोप लगाया। उसका कहना था कि घटना की कवरेज के दौरान उसके हाथ में चोट लगी और फ्रैक्चर हो गया। सीओ सिटी ने ग्रामीणों की शिकायत सुनकर मामले में जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।



