ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी के साथ सिरौली गौसपुर के बच्चों सहित शिक्षक गण , खण्ड शिक्षा अधिकारी ब राजरानी रावत
70 अंक लेकर पूरेडलई बना उपविजेता, दो दिवसीय जनपद स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का भव्य समापन
700 से अधिक नौनिहालों ने खेल प्रतिभा और सांस्कृतिक हुनर का किया प्रदर्शन, विजेताओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी के साथ सिरौली गौसपुर के बच्चों सहित शिक्षक गण , खण्ड शिक्षा अधिकारी ब राजरानी रावत
समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती राजरानी रावत ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजरानी रावत ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने, उनमें आत्मविश्वास जगाने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का सशक्त माध्यम हैं। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को जनपद स्तर पर अपनी क्षमता और कौशल प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चे मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे और वहां से चयनित होकर राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए जनपद का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने प्रतिभागी बच्चों के उत्साह, लगन और परिश्रम की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की तथा शिक्षकों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
इससे पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी बंकी चंद्रशेखर यादव ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता की रूपरेखा एवं उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय आयोजन में जनपद के 15 विकास खंडों एवं नगर क्षेत्र को मिलाकर 700 से अधिक बच्चों ने विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक स्पर्धाओं में पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मूल उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा परस्पर सहयोग की भावना का विकास करना है। खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और रचनात्मक विकास के साथ उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का प्रभावी मंच प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता में इन प्रतिभाओं ने हासिल किए शीर्ष स्थान
प्रतियोगिता के प्राथमिक स्तर पर सूरतगंज ने चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया, जबकि सिरौलीगौसपुर उपविजेता रहा। उच्च प्राथमिक स्तर पर पूरेडलई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप हासिल की और निंदूरा उपविजेता बना।
व्यक्तिगत चैंपियनशिप के उच्च प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में पूरेडलई के शादाब ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, जबकि बालिका वर्ग में सिरौलीगौसपुर की सुगराबानो ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम किया। प्राथमिक स्तर के बालक वर्ग में कंपोजिट विद्यालय खेतासराय, पूरेडलई के सत्यानाम विजेता रहे। वहीं बालिका वर्ग में कंपोजिट विद्यालय सनबरसा, पूरेडलई की अंशिका तथा कंपोजिट विद्यालय महमूदाबाद, सिरौलीगौसपुर की कुसुम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन राजेंद्र त्रिपाठी, रुद्र प्रताप पांडेय एवं महिमा सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
समापन समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव, अंबिका प्रसाद ओझा, उपेंद्र सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक अनिल सिंह, रितु पाठक, शिक्षक संगठन के प्रतिनिधि धर्मेंद्र वर्मा, अभिषेक सिंह, पवन कुमार वर्मा, डॉ. आशुतोष वर्मा, अशोक सिंह, ऋषि टंडन, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक दिलीप तिवारी, मनोज चौधरी,मृगांक शेखर मिश्रा , लवलेश,दिवाकर अवस्थी, पंकज वर्मा,अभिषेक तिवारी, अरविंद प्रताप सिंह, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, सुरेंद्र जायसवाल, विकास वर्मा, पारुल शुक्ला, उमेश चंद्र एवं राम सरन मौर्य सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।