-
पेट्रोल पंप पर टैंकर से पेट्रोल सप्लाई का काम करता था आरोपित, पुलिस ने भेजा जेल
बाराबंकी। लोनीकटरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टैंकर से तेल चोरी करने वाले चालक को गिरफ्तार कर कर जेल भेज दिया। आरोपी के कब्जे से चोरी का पेट्रोल, लिक्विड केमिकल, टैंकर, लोडर वाहन, पोर्टेबल जनरेटर वाटर पंप बरामद किया गया है। आरोपी प्रयागराज जनपद का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में लोनीकटरा थाना पुलिस ने टैंकर चालक को 13 अगस्त गुरुवार को टैंकर से तेल चोरी करते पकड़ा। आरोपी की पहचान प्रयागराज जिले के थाना उतरांव के ग्राम ढोली जलालपुर निवासी बब्बू यादव का पुत्र हजारीलाल यादव के रूप में हुई है।
पूछताछ एवं जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी हजारीलाल नायरा कम्पनी में पेट्रोल टैंकर चालक है जो पेट्रोल की सप्लाई पेट्रोल पम्प पर करता है। 12 अगस्त को लखनऊ से पेट्रोल लेकर वाराणसी के लिये निकला था तभी चालक का सम्पर्क शैलेश यादव निवासी अन्हौना थाना सरोजनी नगर, लखनऊ से हुआ जिसके कहने पर पेट्रोल टैंकर आरोपी लोनीकटरा क्षेत्र के जंगल में ले गया, जहां हजारीलाल यादव, शैलेश यादव व अपने अन्य तीन साथियों के साथ मिलकर वाटर पम्प की मदद से तेल चोरी कर रहा था₹। पुलिस ने आरोपी चालाक पर मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल रवाना कर दिया गया।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से मौके पर 04 प्लास्टिक के ड्रम में चोरी से निकाला गया 800 लीटर पेट्रोल, एक टैंकर, एक लोडर, ड्रम में 800 लीटर लिक्विड केमिकल, अदद पोर्टेबल जनरेटर, वाटर पम्प, तीन प्लास्टिक की पाइप, एक खाली ड्रम व एक प्लास्टिक की बाल्टी बरामद की गई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।




