बाराबंकी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत एसपी अर्पित विजयवर्गीय के नेतृत्व पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा 14 अगस्त को पुलिस लाइंस से निकाली गई।
यात्रा के दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारे लगाए। जिससे संपूर्ण क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम का अभूतपूर्व माहौल देखने को मिला। पुलिस बल द्वारा आमजनमानस से ‘हर तिरंगा अभियान’ के तहत अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश भर में मनाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत राष्ट्र के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने के लिए यह भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई है।
यात्रा में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) विकास चन्द्र त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) रितेश कुमार सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारीगण तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।