बाराबंकी। जिला अस्पताल में तैनात दो आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी (ईएमओ) ने महिला मरीज के साथ आए तीमारदारों पर अभद्रता, गाली-गलौज, हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दोनों चिकित्सकों ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और पुलिस अधीक्षक से की है। शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात करीब 11:27 बजे डॉ. आकाश सिंह और डॉ. आलोक जिला अस्पताल में ईएमओ ड्यूटी पर थे। इसी दौरान दरियाबाद थाना क्षेत्र के इटोरा गांव से गीता देवी पत्नी सतीश चंद्रा नामक महिला मरीज इलाज के लिए आई थीं। डॉक्टरों का आरोप है कि मरीज के साथ आए तीमारदारों ने इलाज के दौरान अभद्रता शुरू कर दी और गाली-गलौज करते हुए चिकित्सकों पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।
डॉ. आकाश सिंह और डॉ. आलोक ने घटना की शिकायत एसपी अर्पित विजयवर्गीय के साथ-साथ सीएमओ अवधेश यादव, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और डीएम शशांक त्रिपाठी को दी। डॉक्टरों का कहना है कि इस घटना से उनकी सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ है और अस्पताल का कार्य वातावरण भी प्रभावित हुआ है।
एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली नगर प्रभारी को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह ने बताया कि अज्ञात तीमारदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मौजूद गवाहों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।