पीड़िता ने दो लोगों पर लगाया जालसाजी और धमकी देने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बाराबंकी। कुर्सी थाना क्षेत्र में कूटरचित दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी कर दूसरे की जमीन को अपनी बता कर फर्जी बैनामा कराने वाला गिरोह सक्रिय पाया गया है। इस मामले में एक महिला ने दो लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को तहरीर दी, जिसके बाद कुर्सी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कुर्सी क्षेत्र के ग्राम अनवारी निवासी फौजिया सिद्दीकी पत्नी रेहान अहमद ने बताया कि उन्होंने करीब दस वर्ष पूर्व अपने गांव में गाटा संख्या 768 की भूमि छह लाख रुपये में खरीदी थी और उस पर कब्जा भी ले लिया था। हाल ही में जब उन्होंने उसी जमीन पर मकान निर्माण शुरू किया, तो पता चला कि इसी भूमि का फर्जी बैनामा किसी और व्यक्ति के नाम कर दिया गया है।
फौजिया ने आरोप लगाया कि इंदपाल ने अपने सहयोगी सिराज अहमद निवासी बेहटा, थाना गुडंबा (लखनऊ) के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज़ों के आधार पर धोखाधड़ी करते हुए उसकी खरीदी हुई भूमि का फर्जी बैनामा करा लिया और उसके छह लाख रुपये हड़प लिए।
महिला ने बताया कि जब उसने मामले की शिकायत पुलिस क्षेत्राधिकारी फतेहपुर से की, तो 9 सितंबर को आरोपियों ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के मुताबिक, दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिन पर पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने कुर्सी थाना प्रभारी को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। निर्देशानुसार कुर्सी पुलिस ने जालसाजी, धमकी और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।