बुधवार की सुबह फतेहपुर के गौरा करौंदी गांव में हुआ हादसा
बाराबंकी। कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र में बुधवार की भोर एक युवक घर के बाहर बने तालाब में पैर फिसलने से गिर कर गहरे पानी में डूब गया। जबतक गोताखोर उसे बाहर निकालते उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गौरा करौंदी निवासी राम कुमार का 26 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार यादव बुधवार की सुबह पांच बजे अपने घर के सामने स्थित तालाब के किनारे ब्रश कर रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसल गया और तालाब में गिर गया। तालाब में गिरने के बाद युवक चिल्लाया तो उसकी मां श्यामा देवी ने देखा। जब तक आसपास के लोग पहुचंते युवक गहरे पानी में चलें जाने से डूब गया। आनन-फानन में पहुंचे ग्रामीणों ने तालाब में डूबे युवक की तलाश शुरू की लेकिन पता नहीं चला। पड़ोसी के गांव से बुलाए गए गोताखोर घंटो मशक्कत के बाद युवक की तलाश कर पाए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सुबह नौ बजे गोताखोरों ने शव को तालाब से बाहर निकाला। युवक की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची कोतवाली फतेहपुर पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया।