- स्वाट–सर्विलांस व जैदपुर पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा
बाराबंकी। स्वाट/सर्विलांस व थाना जैदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने आलम हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए तीन हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी, गमछा, प्लास, मृतक का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जिले के थाना जैदपुर पुलिस को शमा परवीन पत्नी स्व. आलम, निवासी ग्राम बलछत ने 9 मई को तहरीर देकर बताया था कि 6 मई को उसके पति मोहम्मद आलम (27) की हत्या कर शव ग्राम टेरा के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी ने गठित की थी तीन टीमें
हत्या मामले की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर स्वाट, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की टीमें लगाई गईं। जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्य और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर गुरुवार को चंदौली नहर के पास से राकेश कुमार गुप्ता, विकास गुप्ता और आकाश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी मृतक के ही गांव के रहने वाले है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जमीन बिक्री से मिले रुपयों के कमीशन को लेकर आरोपियों और आलम के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में राकेश और उसके पुत्र विकास ने हथौड़ी से आलम के सिर पर वार किया और गमछे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद में शव को मृतक की ही मोटरसाइकिल से ग्राम टेरा के पास खेत में फेंक दिया गया।
पुलिस ने बताया कि विवेचना में दी गई तहरीर में नामजद अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता नहीं पाई गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।



