लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर क्षेत्र में आरिफ विकास चैंबर के चारों ओर फैला अवैध अतिक्रमण स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है। सड़क और सार्वजनिक रास्तों पर दुकानदारों द्वारा किए गए कब्जों से आमजन का आवागमन बाधित हो रहा है, वहीं आए दिन जाम जैसी स्थिति भी बन रही है।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर नगर निगम अधिकारियों से लेकर नगर आयुक्त तक कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है। कार्रवाई के अभाव में अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है।
मौके पर बातचीत में लोगों ने बताया कि शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब सड़क के दोनों ओर दुकानें लग जाती हैं और भीड़ बढ़ जाती है। उनका कहना है कि नगर निगम की टीमें यदि कभी निरीक्षण के लिए आती भी हैं तो सुबह के समय आती हैं, जब अतिक्रमण अस्थायी रूप से हटा लिया जाता है।
दुकानदारों के अनुसार अतिक्रमण के कारण वाहनों का अंदर तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। कई बार वाहनों के आपस में टकराने से विवाद की स्थिति बन जाती है। लोगों का आरोप है कि नगर निगम की उदासीनता के चलते समस्या दिन-ब-दिन विकराल होती जा रही है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने आशंका जताई कि जिम्मेदार अधिकारियों तक सही और वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं पहुंच पा रही है, जिससे समस्या की गंभीरता को नजरअंदाज किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि वे स्वयं मामले का संज्ञान लेकर तत्काल अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दें, ताकि जनता को राहत मिल सके और विकास नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।